Nepal : उद्योग वाणिज्य संघ कृष्णनगर के चुनाव में कोषाध्यक्ष पद पर प्रतीक अग्रवाल, महिला सदस्य उर्मिला कुर्मी निर्विरोध, 32 प्रत्याशी करेंगे जोर आजमाइश
3 जनवरी- 2025 को होगा मतदान और मतों की गणना, 449 मतदाता बनेंगे 32 के भाग्य विधाता

अजय प्रताप गुप्त/’हाड़ा’ विकास सिंह
नेपाल डेस्क : उद्योग वाणिज्य संघ, कृष्णनगर (नेपाल) के चुनाव में कुल सात पदों व 19 सदस्यीय नई कार्यसमिति के चुनाव हेतु दाखिल 42 नामांकन पत्र में से 8 लोगों ने अपना पर्चा वापस ले लिया है। अब कुल 32 प्रत्याशी मैदान में अपनी किस्मत आजमाएंगे। मतदान आगामी 3 जनवरी को होगा।
पड़ोसी नेपाली जिला कपिलवस्तु के उद्योग वाणिज्य संघ, कृष्णनगर के चुनाव में पैंतरे बदलने का खेल क्रमशः जारी है। चुनाव के शतरंजी चाल में ऊंट का करवट अपनी तरफ करने की जोर आजमाइश की जा रही है। नामांकन पत्र वापसी के अंतिम दिन तक में कई पदों के 8 पर्चे वापस हुए हैं, जिनमें अध्यक्ष पद पर सबसे अधिक 3 लोगों विजय कानोडिया, शाकिर शाह एवं अजीत प्रताप सिंह ने नामांकन पत्र वापस लिया है।
चुनाव से संबंधित जानकारी देते निर्वाचन अधिकारी डॉ. नंदकिशोर शर्मा, शाहिद खान व संजय गुप्ता
पूर्व अध्यक्ष समेत आठ ने लिए पर्चे वापस
प्रमुख निर्वाचन अधिकारी ओमप्रकाश अर्याल (एडवोकेट) ने बताया है कि नामांकन के अंतिम दिन अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार रहे पूर्व अध्यक्ष विजय कानोड़िया, शाकिर शाह, अजीत प्रताप सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष (उद्योग) के विकास कुमार, उपाध्यक्ष के रामगोपाल गोयल, महासचिव के युवराज पोखरेल, सचिव के अरविंद अग्रवाल, कोषाध्यक्ष के मनोज जायसवाल समेत कुल आठ लोगों ने पर्चा वापस लिया है।
प्रतीक अग्रवाल के कोषाध्यक्ष पद पर निर्विरोध होने पर बधाई देते पूर्व सांसद अभिषेक प्रताप शाह
प्रतीक अग्रवाल कोषाध्यक्ष और उर्मिला कुर्मी के महिला सदस्य पर निर्विरोध की स्थिति
निर्वाचन अधिकारी सुशील श्रीवास्तव एवं संजय गुप्ता ने बताया है कि पर्चा वापसी के बाद अब अध्यक्ष पद पर रामकुमार कौलापुरी, रितेश शर्मा, गुरुशरण सिंह, श्रवण सुरेका तथा शंकर शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष (उद्योग) पर दिनेश चंद्र गुप्ता, नसरूल्लाह खां, उपाध्यक्ष पद पर रवि शाह, रविन्द्र कुमार गुप्त, असलम खां, महासचिव पर हरिओम तुलस्यान, रामसेवक अहीर, सचिव पर ऋषभ अग्रवाल, विजय जायसवाल, चंद्रशेखर वर्मा, शहबाज खां की प्रत्याशितता फाइनल है, जबकि कोषाध्यक्ष पद पर प्रतीक अग्रवाल और महिला सदस्य पद पर उर्मिला कुर्मी का ही मात्र पर्चा है, जिससे निर्विरोध की स्थिति है। कार्यकारिणी सदस्य (12) पद पर पवन अग्रवाल, आशीष बाजोरिया, निर्मल पराजुली, आशीष गोयल, विपिन गुप्ता, वीरेंद्र मौर्य, रामअवतार कलवार, गज्जू चौहान, मनीराम कहार, संदीप जायसवाल, महेश अग्रहरि, अरशद अली, विकास अग्रवाल, बैजनाथ अग्रहरि, विकास गुप्ता, इरशाद मुसलमान समेत 16 लोगों की दावेदारी बरकरार है।
3 जनवरी को होगा मतदान और मतगणना
निर्वाचन समिति के डॉ. नंदकिशोर शर्मा, शाहिद खान ने बताया कि पर्चा वापसी के बाद अब 32 उम्मीदवार मैदान में है, कोषाध्यक्ष एवं महिला सदस्य पद निर्विरोध है। 25 दिसंबर को नमूना मतपत्र प्रकाशित होगा। आगामी 3 जनवरी (19 गते) को प्रातः 8 बजे से 4 बजे तक मतदान होगा।3 जनवरी को ही सायं मतगणना भी की जाएगी और गणना के पश्चात मत परिणाम घोषित कर दिए जाने की तैयारी है।
अप्रत्यक्ष रूप से सक्रिय हैं कई वरिष्ठ राजनीतिज्ञ
पर्चा वापसी के बाद की जो तस्वीर बन रही है उसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव पद पर संघर्ष की स्थिति है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष, महासचिव पर अपेक्षाकृत कम घमासान की बात कही जा रही है, फिर भी चुनाव में अप्रत्यक्ष रूप से कई वरिष्ठ राजनीतिज्ञ सक्रिय हैं। चुनावी ऊंट किस करवट बैठेगा यह फिलहाल कहा नहीं जा सकता, लेकिन प्रत्याशियों ने डोर टू डोर संपर्क शुरू कर दिया है।