Bike rider dies in accident : अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
परिवार का था इकलौता सहारा

सिद्धार्थनगर : इटवा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक दुर्गा प्रसाद अपने परिवार का इकलौता बेटा था। वह पान की दुकान चलाकर अपने परिवार का गुजारा करता था।
इटवा थाना क्षेत्र के ग्राम बयारी निवासी 20 वर्षीय दुर्गा प्रसाद पुत्र पन्नी लाल सोमवार की रात करीब 10 बजे अपनी बाइक से कुछ सामान लेने पास के ही भुतहवा गांव जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मार्ग से गुजर रहे लोगों ने दुर्गा प्रसाद को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, इटवा में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे जिला मुख्यालय स्थित माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है। मृतक दुर्गा प्रसाद अपने माता पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।