नेपाल

Ex PM Prachand in Kapilvastu : अपने ही कारणों से जल्द ही गिर जाएगी ओली सरकार, निरंकुश शासन से देश को दिलाई मुक्ति : प्रचंड

तराई मधेस जागरण अभियान के तहत कपिलवस्तु पहुंचे पूर्व प्रधानमंत्री 'प्रचंड', नेकपा (एमाले) व नेपाली कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनाने से गया गलत संदेश

‘हाड़ा’ विकास सिंह
नेपाल डेस्क : केपी शर्मा ओली की सरकार स्वयं के कारणों से जल्द ही गिर जाएगी। भ्रष्टाचार में डूबी हुई सरकार बिचौलियों द्वारा चलायी जा रही है। भ्रष्ट लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है। कुलमान घीसिंग जैसे उत्कृष्ट कर्मचारियों को हटाया जा रहा है। वैश्विक स्तर पर नेपाल को लोकतांत्रिक राज्य के रुप में स्थापित करने, पड़ोसी देशों से मधुर संबंध स्थापित करने, कृषि और किसानों के विकास के साथ-साथ सामाजिक न्याय और सुशासन स्थापित करने में उनकी सरकार ने महती भूमिका निभाई थी। जलवायु समस्या के मुद्दे पर नेपाल के दृष्टिकोण को दुनिया ने सराहा था। संयुक्त राष्ट्र के महसचिव और उन्होंने जलवायु संकट के समाधान के लिए प्रयास किया था और एक मंच से विश्व को संबोधित भी किया था।

उक्त बातें नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी केंद्र) के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहाल ‘प्रचंड’ ने तराई मधेस जागरण अभियान के तहत कपिलवस्तु जिले के बहादुरगंज में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कही।

एक और महा जनआंदोलन की आवश्यकता
उन्होंने कहा कि वे सत्तर साल के हो गए हैं। देश के हालिया राजनैतिक हालात को देखकर लगता है कि एक और महा जनआंदोलन की आवश्यकता है। कहा कि सामंतवाद, निरंकुशता, अन्याय से उन्होंने देशवासियों को मुक्ति दिलाई थी। संघीयता, लोकतांत्रिक गणराज्य, धर्मनिरपेक्षता और देश में सुशासन स्थापित करने का काम उन्होंने ही किया है। जनता सामंतवादियों के अत्याचार और निरंकुशता को अभी भी भूली नहीं है।

मौजूदा सरकार में है भ्रष्टाचार का है बोलबाला
श्री प्रचंड ने कहा कि आज चारों तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला है। किसानों को उनके उत्पादन का मूल्य नहीं मिल रहा है। ईमानदार कर्मचारियों को बर्खास्त किया जा रहा है। बिचौलिए और दलाल आम जनता का शोषण कर रहे हैं। कहा कि अपने कार्यकाल में उन्होंने भ्रष्टाचारियों पर नकेल कसने का काम किया था। भूमाफियाओं के खिलाफ अभियान चलाया था। नागरिकता की समस्या का समाधान उनके ही कार्यकाल में किया गया। लाखों युवाओं को नागरिकता प्रदान की गयी।

भारत के साथ विद्युत परियोजना, कृषि, व्यापार पर किए समझौते
पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहाल ‘प्रचंड’ ने कहा कि भारत के साथ विद्युत परियोजना, कृषि, व्यापार आदि महत्वपूर्ण विषयों पर समझौते किये थे। इन समझौतों से देश में ऊर्जा और कृषि का उत्पादन बढ़ा किसानों को इसका लाभ मिला। यही नहीं नेपाल, बांग्लादेश, भारत के साथ त्रिपक्षीय विद्युत परियोजना पर दीर्घगामी परिणाम के लिए समझौते भी किए थे।

गठबंधन से गया गलत संदेश
उन्होंने यह भी स्वीकार्य किया कि नेकपा (एमाले) और नेपाली कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनाना उचित नहीं था। जनता में इसका गलत संदेश गया। आज उनकी पार्टी एक नंबर की पार्टी बनने की तरफ अग्रसर है। स्थानीय चुनावों में उनकी पार्टी ने बेहतर प्रदर्शन किये हैं। अबकी बार बैसाखी की नहीं अपने बल पर सरकार बनाएंगे। देश में न्याय का शासन होगा। जनसभा के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहाल ‘प्रचंड’ ने नेकपा (माओवादी केंद्र) में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं का स्वागत एवं सम्मान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!